स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: अंतिम क्वार्टर में किए गए दो शानदार गोलों की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को खेले गए अपने चौथे ग्रुप मैच में मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन अर्जेटीना को 3-1 से हरा दिया। भारत की यह चार मैचों में तीसरी जीत है। अब उसके खाते में 9 अंक हो गए हैं वह अपने ग्रुप-ए में आस्ट्रेलिया (12) के बाद मजबूती से दूसरे क्रम पर विराजमान है। भारतीय टीम का अगले दौर में जाना तय हो गया है।
भारत के लिए वरुण कुमार ने 43वें, विवेक सागर प्रसाद ने 58वें हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल किए। अर्जेटीना के लिए एकमात्र गोल 48वेंमिनट में स्कुथ कासेला ने किया।
शुरुआत के दो क्वार्टर गोलरहित जाने के बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर के अंत में गोल कर 1-0 की लीड ली थी। भारत के लिए यह गोल वरुण कुमार ने पेनाल्टी कार्नर पर किया था।