संवाददाता-बबलु कुमार
बोकारो। बढ़ती ठंड तथा शीत लहरी के प्रकोप को देखते हुए उपायुक्त बोकारो राजेश सिंह ने बोकारो जिला के शहरी एवं ग्रमीण क्षेत्रों में कंबल वितरण का आदेश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। विदित हो कि विभागीय निर्देश के आलोक में बोकारो जिला के शहरी, ग्रमीण, नगर निगम तथा नगर परिषद क्षेत्रों में कुल 42400 कंबलों का वितरण किया जाना है। सभी प्रखंडों तथा वार्ड क्षेत्र के गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करने वाले व्यक्तियों, वंचितों, दिव्यांगजनों , भिक्षुको एवम् अन्य के मध्य अविलंब वितरण का आदेश उपायुक्त स्तर से संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है। कंबल वितरण के साथ-साथ चौक चौराहे एवं रैन बसेरा में गरीब तथा फुटपाथ पर सोने वाले लोगों के लिए अलाव की व्यवस्था पदाधिकारी सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को वैसे जगहों को चिन्हित करते हुए वहां अलाव की व्यवस्थाएं करने हेतु निर्देश दिया जहां गरीब लोग रात में आश्रय लेते हैं। साथ ही पदाधिकारियों को सभी बस पड़ाव, चौक चौराहे, यात्री पड़ाव तथा मंदिरों के आसपास अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा जहां गरीब आश्रय लेते हैं।
उपायुक्त के आदेश के बाद पंचायतों तथा वार्डों में जरूरतमंदों के मध्य कम्बल वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है:-
उपायुक्त के आदेश के बाद वार्डों तथा पंचायतों में पदाधिकारियों द्वारा कंबल वितरण का कार्य आरंभ कर दिया गया है। चास प्रखंड समेत बोकारो जिला के अन्य प्रखंडों यथा कसमार , बेरमो आदि मे कंबल वितरण का कार्य गरीबों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच पदाधिकारियों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी चास संजय शांडिल द्वारा चास प्रखंड के कई पंचायतों का दौरा कर जरूरतमंद असहाय तथा विकलांग लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल प्रदान किया गया। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी कसमार राजीव कुमार द्वारा बगदा पंचायत समेत अन्य पंचायतों में जरूरतमंद गरीब तथा विकलांग लाभुकों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम के माध्यम से कंबल बांटे गए।