स्वच्छ भारत दिवस" का जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न
गढ़वा : जिले में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर, 2024 तक "स्वच्छता ही सेवा अभियान" का सफल आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अभियान के अंतर्गत, 02 अक्टूबर को समाहरणालय के सभाकक्ष में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 'स्वच्छ भारत दिवस' मनाया गया। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना और सफाई कर्मियों के योगदान को सराहना करना था। उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के अधिकारी, पंचायत मुखिया, सामाजिक कार्यकर्ता, जल सहिया दीदी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं शामिल हुईं।
उपायुक्त श्री जमुआर ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को स्मरण किया और लोगों से स्वच्छता के प्रति सचेत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है, और स्वच्छता केवल एक व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामुदायिक स्तर पर भी इसका पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के स्वच्छता अभियान का थीम "स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता" हमारे संस्कारों से गहराई से जुड़ा हुआ है।
उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने भी गांधी जी के स्वच्छता अभियान की शुरुआत और उसके महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की दसवीं वर्षगांठ मना रहे हैं, और हमें लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को स्वच्छता पर चित्रकारी करने के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न प्रखंडों के पंचायत मुखिया और जल सहिया दीदियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अंत में, सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली और समाहरणालय परिसर में सफाई अभियान में हिस्सा लिया।