गढ़वा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के तत्वावधान में शनिवार, 28 सितंबर 2024 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा द्वारा व्यवहार न्यायालय, गढ़वा और अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय नगर उंटारी में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा, नलिन कुमार के आदेशानुसार विभिन्न पीठों में न्यायिक अधिकारियों ने मामलों का निष्पादन किया।
इस लोक अदालत के लिए कुल 18 पीठों का गठन किया गया था। गढ़वा न्याय मंडल के व्यवहार न्यायालय में न्यायाधीशों ने विभिन्न वादों का निपटारा किया, जिसमें बैंक से संबंधित 123, आपराधिक शमनीय (कम्पाउंडेबल) 422, बिजली से जुड़े 52, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10, कुटुंब न्यायालय से 36, एनआई एक्ट का 1, सिविल 3 वाद और अन्य विभिन्न मामलों में कुल 7820 वादों का निष्पादन किया गया।
इस लोक अदालत के दौरान 1,58,96,849.94 रुपये की राजस्व वसूली हुई। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायालयकर्मी अमर कुमार सुमित्रा देवी, राजेश कुमार के साथ पी०एल०वी० सूर्यदेव चौधरी एवं प्रशासन का भी सराहनीय योगदान रहा।