भवनाथपुर : भवनाथपुर प्रखंड अंतर्गत कैलान पंचायत के मंगरदह टोला में ग्रामीणों को कीचड़ भरी सड़क से गुजरने की मजबूरी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से पहले सड़क मरम्मत न होने के कारण गांव का मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया है और कीचड़ से पूरा मार्ग अवरुद्ध हो चुका है। करीब 500 मीटर तक मुख्य सड़क मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाई हो रही है।
इस सड़क से लगभग 200 घरों के ग्रामीणों का आवागमन होता है, जो शासकीय कामकाज और अन्य जरूरतों के लिए प्रखंड और अन्य स्थानों पर जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों ने समय पर ध्यान दिया होता, तो गड्ढों की भराई हो जाती और सड़क की यह दुर्दशा नहीं होती।
Advertisement
दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए इस सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है, लेकिन अब तक सड़क मरम्मत का कोई काम शुरू नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।