बिशुनपुरा : बिशुनपुरा प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार मद्धेशिया की अध्यक्षता में बुधवार को बाल विवाह और भ्रूण हत्या रोकने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा बाल विवाह और भ्रूण हत्या पर रोक लगाने और सामूहिक विवाह कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के लिए चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान में सहयोग करना था।
बैठक में असहाय, निर्धन और अनाथ परिवारों की विवाह योग्य कन्याओं का सर्वेक्षण कर उन्हें सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, 21 वर्ष से कम उम्र के युवकों और 18 वर्ष से कम उम्र की युवतियों का विवाह न करने पर बल दिया गया।
भ्रूण हत्या पर भी कड़ी रोकथाम के लिए अपील की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मद्धेशिया ने कहा कि दहेज प्रथा, बाल विवाह और भ्रूण हत्या गैर कानूनी हैं, और समाज में इनके खिलाफ जागरूकता फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से इन अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में थाना प्रभारी राहुल सिंह, नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाशदीप भारती, जोन इंचार्ज विकास कुमार तिवारी, पंचायत सचिव जगदीश राम, मुखिया प्रतिनिधि प्रवीण कुमार यादव, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।