मझिआंव : थाना क्षेत्र के मोरबे पंचायत अंतर्गत करकट्टा गांव निवासी 70 वर्षीय विश्वनाथ राम को भूमि विवाद में लाठी डंडा एवं पत्थर से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल के परिजनों ने उसे रेफरल अस्पताल लाया। जहां पर डॉक्टर के द्वारा प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।
घायल विश्वनाथ राम ने बताया कि उन्हीं का सगा भाई चंद्रिका राम से लगभग 5 वर्ष पूर्व से आपसी भूमि विवाद चला आ रहा है, जिसका मामला कोर्ट में भी चल रहा है। घायल ने बताया कि 21 जुलाई को सुबह लगभग 10 बजे विपक्षी चंद्रीका राम वगैरह बल पूर्वक दबंगता दिखाते हुए विवादित भूमि में घर बना रहे थे। जिसे मना करने पर लाठी डंडा एवं पत्थर से मारा गया।
जिसमें मेरा एक हांथ टूट गया तथा माथा फट गया। मैं चिल्लाने लगा तो आवाज सुनकर मेरी बहू कमला देवी, नाती विवेक, सुशी एवं शुभम बचाने आये, जिसमें वे लोग भी आंशिक रूप से घायल हो गए। घायल विश्वनाथ राम ने बताया कि मारपीट करने वालों में विपक्षी चंद्रिका राम उनके पुत्र सुनील राम (पुलिस के जवान ), अनिल राम ,संजय राम एवं बहू संजू देवी, फुल कुमारी देवी एवं चंद्रिका राम के नाती अनूप राम एवं आकाश कुमार का नाम शामिल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी आकाश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुआ है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस पदाधिकारी जांच के लिए भेजे गये हैं।