गढ़वा : उच्च न्यायालय झालसा रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष राजेश शरण सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा एवं सचिव रवि चौधरी के आदेशानुसार, आज दिनांक 21 जून 2024 को डंडा प्रखंड परिसर में चलंत लोक अदालत के माध्यम से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में पी.एल.वी. कृष्णानंद दुबे ने मंच का संचालन किया। उन्होंने कामगार मुआवजा, गरीबी उन्मूलन की योजनाएं, निःशुल्क कानूनी सहायता दिलाने और ऐसे गरीब व्यक्तियों के लिए जिनका ब्लॉक, अंचल में नामांतरण हो या सीमांकन हो तथा जिनके थाना एवं जिला स्तर पर कोई कार्य लंबित है, उन्हें अपने आवेदन चलंत लोक अदालत या सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा को देने की सलाह दी।
आवेदन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पी.एल.वी. मुरली श्याम तिवारी ने असंगठित कर्मकार निबंधन, भवन निर्माण कर्मकार निबंधन, धात्री महिलाओं की योजनाओं, बच्चों के पालन-पोषण देखरेख अधिनियम आदि विषयों पर जानकारी दी। एल.ए.डी.सी. सदस्य विजय कुमार ने सभी कानूनी बिंदुओं पर जानकारी प्रदान की। एडवोकेट बलबीर चौधरी ने नशा मुक्ति, नशा उन्मूलन और आपदा पीड़ितों के बारे में बताया।
डंडा बी.डी.ओ. नरेंद्र नारायण ने मनरेगा एवं ब्लॉक से संबंधित सभी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सीडीपीओ लक्ष्मी भारती ने बाल विकास परियोजना, घरेलू हिंसा और गर्भवती महिलाओं के लिए पोषाहार आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर लगभग 105 महिला/पुरुष, प्रखंड प्रमुख आशा देवी, मुखिया यदु चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, अमर साव, कामेश्वर चौधरी, जिला परिषद अजय चौधरी समेत कई जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।