रमना : थाना क्षेत्र सिलीदाग पंचायत के गड़ई टोला में शुक्रवार को एक मेहमान का शव मिलने से ग्रामीणों में शंका और भय का माहौल है। मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की संभावना से इनकार किया है और इसे साजिश के तहत हत्या बताया है।
मृतक के परिजनों ने रिश्तेदारों के अलावा क्षेत्र के ग्रामीणों और जन-प्रतिनिधियों पर हत्या को आत्महत्या साबित करने का आरोप लगाया, जिससे विवाद बढ़ गया।
मृतक वीरेंद्र कुमार (40 वर्ष), पिता रामनाथ राम, ग्राम जड़गड़ अन्नराज नवाडीह, थाना गढ़वा का विवाह 14-15 वर्ष पूर्व सिलीदाग पंचायत के गड़ई टोला निवासी मानदेव राम की पुत्री से हुआ था। वीरेंद्र और उसकी पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ सुखी जीवन बिता रहे थे।
कुछ दिन पहले ही दोनों पति-पत्नी जड़गड़ से गड़ई अपने ससुराल आए थे। गुरुवार रात सभी लोग अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। शुक्रवार सुबह वीरेंद्र का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद घर की महिलाएं रोने लगीं और अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंचे।
रमना थाना के अनी ऋषिकेश कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने शव को फंदे से उतारकर दूसरे कमरे में लेटा दिया था। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा।
अनी सिंह ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि मृतक की हत्या हुई है या आत्महत्या, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। अगर हत्या साबित हुई, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।