गढ़वा : गढ़वा भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल गढ़वा के अध्यक्ष उमेश कश्यप ने पलामू सांसद विष्णु दयाल राम को गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा। यह पत्र मेदिनीनगर में सांसद के आवास पर सौंपा गया।
मांग पत्र में मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दे शामिल थे :
1. जल आपूर्ति :
टंडवा रेलवे स्टेशन, ऊँचरी गर्ल हाई स्कूल के पास पाइप का कनेक्शन तुरंत जोड़कर आम जनता को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाए। नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में से केवल चार-पांच वार्डों में ही जल आपूर्ति हो पा रही है। बाकी वार्डों में युद्ध स्तर पर कार्य कराकर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
2. बिजली आपूर्ति :
विभिन्न वार्डों में पोल तार की व्यवस्था नहीं होने से जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सभी वार्डों में पोल तार लगाने का कार्य किया जाए ताकि दुर्घटना की संभावना कम हो सके।
3. रोड और नाली की मरम्मत :
शहरी जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के दौरान रोड और नाली क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे मोहल्ले वासियों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। इनकी मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए।
4. वॉर्ड नंबर एक में रोड निर्माण :
पीडब्ल्यूडी रोड से महाकाल शिव मंदिर स्थान तक रोड निर्माण कार्य की मांग की गई।
सांसद विष्णु दयाल राम ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों और उनके पदाधिकारियों को आदेश देकर सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।
मांग पत्र सौंपने के दौरान शुभम गुप्ता, मनोज महतो, सनी शर्मा, और निशांत कश्यप उपस्थित थे।