गढ़वा : जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के वरछाबांध गांव में लालती देवी पर डायन का आरोप लगाकर उनके भसुर विक्रमा यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने हिंसक हमला किया। इस हमले में 45 वर्षीय लालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने घायलावस्था में उन्हें मझिआंव रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लालती देवी के अनुसार, विक्रम यादव का बैल पिछले दो महीनों से बीमार था और शुक्रवार शाम को उसकी मौत हो गई। इसके बाद विक्रम यादव अपने परिवार के साथ मृत बैल को उनके दरवाजे पर लाकर लालती देवी पर डायन होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। विक्रम यादव, उनकी पत्नी सप्ती देवी, पुतोह रीमा देवी और उषा देवी ने लालती देवी पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वे घायल हो गईं।
हमले में लालती देवी के 13 वर्षीय पुत्र गुड्डू यादव को भी गंभीर चोटें आईं और उसकी दाहिनी आंख जख्मी हो गई।
यह घटना डायन बिसाही के आरोपों के चलते हो रही हिंसा की एक और दर्दनाक मिसाल है।