गढ़वा :
सदर थाना के दुबे मरहटिया गांव निवासी सोमवार की देर शाम सदर अस्पताल के कोविड वार्ड से फरार हुए कैदी सियाराम मिश्रा को पुलिस ने पकड़ लिया है।
उसे गढ़वा थाना क्षेत्र के कोरवाडीह में पकड़ा गया है। उसे गढ़वा थाना के में रखा गया है। जानकारी के अनुसार गढ़वा थाना क्षेत्र के दुबे मरहटिया गांव निवासी धीरेंद्र मिश्रा को 17 फरवरी 2022 को पेट में चाकू मारकर घायल करने के मामले में प्राथमिकी के अभियुक्त सियाराम मिश्रा को पुलिस ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। वह गढ़वा थाना क्षेत्र के दुबे मरहटिया गांव निवासी विजय मिश्रा का पुत्र है। पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजने से जाने से पहले सदर अस्पताल में उसका कोरोना जांच कराया था।
जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे सदर अस्पताल परिसर स्थित कोविड अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर दिया गया था। उसकी निगरानी के लिए पुलिस बल भी तैनात थे। लेकिन पुलिस कर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए सियाराम मिश्रा कोविड वार्ड की खिड़की के ग्रिल का रॉड मोड़ कर उस रास्ते निकलकर भाग गया था। तब उसकी निगरानी में तैनात पुलिस कर्मी उक्त वार्ड में ताला बंद कर बाहर बैठे थे। बताया गया कि सोमवार की शाम साढ़े पांच बजे कोविड वार्ड की ड्यूटी में लगी एएनएम ने सियाराम मिश्रा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद वह कब वार्ड से फरार हुआ, किसी को भनक नहीं लगी। देर शाम जब सुरक्षाकर्मियों ने वार्ड में उसे नहीं पाया तो वे लोग उसकी खोजबीन करने लगे।
उसके फरार होने की खबर से हड़कंप मच गया। कोविड वार्ड से सियाराम मिश्रा के फरार होने की सूचना पर गढ़वा थाना पुलिस ने उसके छुपे होने के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कोरवाडीह से उसे पकड़ा जा सका।
इस संबंध में एसडीपीओ अवध कुमार ने कहा फरार आरोपी को पुलिस कोरवाडीह गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
जिसके बाद उसे गढ़वा थाना परिसर में रखा गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 वार्ड के खिड़की कमजोर था। इसका फायदा उठाकर खिड़की का रोड मोड़ कर भाग गया था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।