रंका : गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के सिंजो जंगल में रविवार सुबह करीब 8 बजे हाथियों के झुंड ने 50 वर्षीय स्वाती तिर्की, निवासी बरवा गांव, सालेटोंगरी, को कुचलकर मार डाला। स्वाती तिर्की खुखड़ी चुनने जंगल गई थीं। उनके साथ खुखड़ी चुनने गई दिलमानी टोप्पो, स्व. इरुस कुजूर की पत्नी, किसी तरह जान बचाने में सफल रहीं।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रमकंडा-भंडरिया मुख्य मार्ग को शव को सड़क पर रखकर सुबह 11 बजे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर भंडरिया वनक्षेत्र के वनपाल कमलेश कुमार और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रक्रिया पूरी होते ही मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
दोपहर 12:30 बजे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के बाद स्वाती तिर्की के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।