गढ़वा : गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय, कल्याणपुर, गढ़वा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के द्वारा शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत गोद लिए हुए जोबरईया गांव और वहां के स्कूल में सफाई अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस पदाधिकारी अनीता तूफानी ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य परिसर और उसके आसपास की साफ-सफाई करना और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
इस अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण किया गया, जिससे वहां का वातावरण स्वच्छ हो सके। साथ ही, सभी प्रतिभागियों ने मिलकर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संयुक्ता सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, साफ-सुथरा वातावरण न केवल हमारे आस-पास की सुंदरता को बढ़ाता है, बल्कि यह हमारे जीवन में सकारात्मकता और स्वस्थ जीवनशैली का भी आधार है।
इस कार्यक्रम में डॉ. अर्चना कुमारी, डॉ. राजश्री अखौरी, डॉ. कविता, प्रो. सुनील पाल, प्रो. ललिता देवी, प्रो. बीभा रानी और महाविद्यालय की कई छात्राएं भी सक्रिय रूप से शामिल थीं।