मझिआंव : प्रखंड क्षेत्र के टड़हे पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि युवा समाज सेवी सह भाजपा नेता कृपाल सिंह ने लगभग पांच दर्जन श्रद्धालुओं को अंग वस्त्र देकर गाजे बाजे के साथ अयोध्या धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलो के दर्शन हेतु रवाना किया।
जानकारी देते हुए मुखिया प्रतिनिधि कृपाल सिंह ने बताया कि पंचायत की मुखिया इंदु देवी सिंह के निर्देश पर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने वाले सभी महिला - पुरुष श्रद्धालुओं को अंग वस्त्र प्रदान किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां से सभी श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्री राम का दर्शन करेंगे। उसके पश्चात चित्रकूट, बोधगया, देवघर सहित अन्य तीर्थ स्थलों का भ्रमण करेंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से क्षेत्र में सुख, चैन एवं समृद्धि की कामना करने की अपील की है।
इसके पश्चात उन्होंने पंचायत क्षेत्र में हो रहे भगवान श्री कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होकर अपना योगदान दे भगवान वासुदेव श्री कृष्ण से क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि कि कामना की।
श्रद्धालुओं में मोतीलाल साव, कृष्णा विश्वकर्मा, कृष्ण बैठा, कामेश्वर यादव, कमलेश यादव एवं जगदीश पासवान सहित काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल थे।