रंका : झमाझम बारिश के बाद जल जमाव के कारण जिले की कई मुख्य सड़कों का हाल-बेहाल है। रविवार को गढ़वा से रमकंडा जाने के क्रम में रंका थाना मोड़ के समीप बौली कुआं के पास गढ़वा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर बने गड्ढे में एसपी दीपक कुमार पांडेय की गाड़ी फंस गयी।
एसपी के सुरक्षा में लगे जवानों ने गाड़ी को बड़ी मशक्कत से धक्का देकर बाहर निकाला। पुलिस कर्मियों को गाड़ी में धक्का मारते देख लोग भौचक्क रह गए। इसके बाद एसपी रमकंडा जा सके। उनके साथ रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह भी थे। कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात रमकंडा से एसपी पलामू के रास्ते गढ़वा वापस लौटे।
विदित हो कि पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से बौली कुआं के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढे में जल जमाव हो गया है।
विभिन्न समाचार पत्रों में पिछले चार वर्षों से बौली कुआं के पास एनएच-343 पर बने गड्ढे में जल जमाव की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होते रहा है।
लेकिन स्थानीय विधायक सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मति को लेकर कोई पहल नहीं की गयी है।