गिरिनाथ सिंह की परिवर्तन यात्रा ने रंका प्रखंड में जान फूंकी, भ्रष्टाचार के खिलाफ जागृति का आह्वान
गढ़वा : पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह की परिवर्तन यात्रा अपने 70वें दिन में प्रवेश कर गई है और इस क्रम में उनका परिवर्तन रथ पुनः रंका प्रखंड के दौरे पर पहुंच चुका है। यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री ने पिछले 15 सालों के कामों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रखंडों में बिचौलिया गिरी बड़े स्तर पर व्याप्त है, जिससे आम जनमानस त्रस्त और हताश है।
अपने संबोधन में गिरिनाथ सिंह ने कहा, "मैं कोई बाहरी नेता नहीं हूँ, बल्कि इसी धरती का बेटा और आपके सुख-दुख का साथी हूँ। इस विधानसभा को 10 सालों तक सतेंद्र नाथ तिवारी और पिछले 5 सालों में पेयजल मंत्री सह विधायक मिथलेश ठाकुर ने लूटा है।
"
उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, "हमने पुल, पुलिया, स्वास्थ्य और शिक्षा पर काम किया था। यह मेरा कर्तव्य था और मैंने कोई एहसान नहीं किया। यह आपका हक था। हमारा रिश्ता आप सभी के साथ जन्म-जन्मांतर का है। रंका प्रखंड का विकास जितना होना चाहिए था, पिछले 15 सालों में जस का तस पड़ा रहा।"
पूर्व मंत्री ने जनता से आह्वान किया कि वे इस भ्रष्टाचार रूपी राक्षस को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्तन यात्रा से जुड़ें और रंका प्रखंड को विकास की नई गाथा लिखने में मदद करें।
इस कार्यक्रम में सुलपानी सिंह, रामलखन यादव, सुनील माली, जोखन सिंह, एस कुमार सिंह, रोहित कुमार, ललसु, राजेंद्र सिंह, राम नरेश सिंह, सुंदर वासी देवी, चंपा देवी, राजकुमार प्रजापति, लालबचन प्रजापति, दुराज राम, सुनील कुमार रवि, ललिता देवी, बेबी देवी, राम लखन साव सहित सैकड़ों ग्रामीण जनता उपस्थित थी।