गढ़वा : स्थानीय बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2024 (क्लस्टर लेवल) प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हो गया है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट नृपेन्द्र कुमार सिंह, डीएवी पब्लिक स्कूल झारखंड जोन 'आई' के असिस्टेंट रीजनल ऑफिसर (ए.आर.ओ.) डॉक्टर जी. एन. खान, और डीएवी पब्लिक स्कूल भवनाथपुर के प्राचार्य राजेन्द्र सचदेवा, बीपीडीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अजय कुमार चौबे एवं विद्यालय के एलएमसी सदस्य विनोद जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत किया।
बीपीडीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अजय कुमार चौबे ने जानकारी दी कि डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के तहत विभिन्न खेलों का आयोजन अलग-अलग विद्यालयों में होता है।
इस बार डीएवी गढ़वा को खो-खो (बालक और बालिका वर्ग), शतरंज (बालक और बालिका वर्ग) और एरोबिक्स नृत्य (बालक और बालिका वर्ग) के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। इस क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिता में एम.के. डीएवी पब्लिक स्कूल डाल्टनगंज, डीएवी पब्लिक स्कूल लातेहार, डीएवी पब्लिक स्कूल लोहरदगा, डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला, डीएवी पब्लिक स्कूल सिमडेगा, डीएवी पब्लिक स्कूल भवनाथपुर और बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल गढ़वा के 500 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के कमांडेंट नृपेंद्र कुमार सिंह ने डीएवी विद्यालय की शिक्षा और संस्कारों की सराहना की। उन्होंने बताया कि डीएवी विद्यालयों की स्थापना महर्षि दयानंद जी के विचारों पर आधारित थी और आज भी यह शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
डीएवी पब्लिक स्कूल, झारखंड 'जोन-आई' के असिस्टेंट रीजनल ऑफिसर डॉक्टर गोलाम नबी खान ने कहा कि इस दो दिवसीय क्लस्टर लेवल प्रतियोगिता में अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 के तीन समूहों में बालक और बालिका वर्ग के लिए खेलों का आयोजन हो रहा है। विजेता छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे और राज्यस्तर पर जीतने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स को भारत सरकार और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) से मान्यता प्राप्त है, जिससे विजेता खिलाड़ियों को नौकरी और उच्च शिक्षा में विशेष वरीयता प्राप्त होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि डीएवी संस्था में लगभग 1 करोड़ छात्र अध्ययनरत हैं और 60 लाख से अधिक पूर्व छात्र विभिन्न क्षेत्रों में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
खेलकूद के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, नैतिक और भावनात्मक विकास पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर आयोजक विद्यालय बीपी डीएवी पब्लिक स्कूल, खेल शिक्षकों, टीम प्रबंधकों और निर्णायक मंडली के सदस्यों को बधाई दी गई।