गढ़वा : गढ़वा जिला युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अभिजीत कमल को झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस का महासचिव मनोनीत किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज ने उन्हें इस पद पर नियुक्त किया है।
अभिजीत कमल गढ़वा जिले के प्रतिष्ठित कांग्रेसी परिवार से आते हैं, जहां तीन पीढ़ियों से उनके परिवार के सदस्य कांग्रेस के सक्रिय सदस्य रहे हैं। जिला अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गढ़वा जिला युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने जिले में अपनी स्थिति को सुदृढ़ किया और जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त किया।
प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने पर अभिजीत कमल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज और प्रदेश प्रभारी इशिता सेढा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने युवाओं से आवाहन किया कि कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों के शिक्षित और जागरूक युवाओं को राजनीति में अवसर प्रदान करती है।
अभिजीत कमल ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार युवाओं को ठगने का काम कर रही है। हाल में नीट परीक्षा में हुए घोटाले से लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में है, जिसकी लड़ाई युवा कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ भी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया और युवाओं को राहुल गांधी जी की बातों को ध्यान में रखते हुए बिना डरे मोहब्बत की दुकान खोलने का आवाहन किया।