गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के सिदे खुर्द गांव में 20 वर्षीय सबीना बीबी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार की है। इस संबंध में मृतका के पिता हैदर अंसारी ने सबीना के कथित प्रेमी दुर्गा चंद्रवंशी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मृतका के पिता ने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी की शादी तस्लीम अंसारी से की थी। लेकिन पिछले एक वर्ष से उसकी बेटी को गांव के ही दुर्गा चंद्रवंशी ने प्रेमजाल में फंसा लिया था। इसे लेकर कई बार दुर्गा चंद्रवंशी और सबीना को समझाया गया था। लोकलाज के कारण वे लोग चुप्पी साधे हुए थे।
शुक्रवार शाम को सबीना की मां राबिया बीबी ने सबीना को शादीशुदा जीवन बर्बाद हो जाने का हवाला देकर डांट फटकार लगाई थी।
शनिवार को राबिया बीबी राशन लेने चली गई थीं और सबीना की भाभी व परिवार के अन्य लोग घर के बाहर थे। तभी सबीना ने एक कमरे में किवाड़ बंद कर पंखे के हुक से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली।
परिवार के लोगों ने कमरे का किवाड़ बंद पाया और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। लोगों ने दीवार तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, लेकिन तब तक सबीना की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की सूचना पर गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।