कोदवाडीह मैरिज हॉल में विकास को गति देने को जुटे अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि
नावाडीह स्थित कोदवाडीह मैरिज हॉल में विकास को गति देने को नावाडीह प्रखंड सह अंचल कार्यालय से जुड़े पदाधिकारी व कर्मी एवं विभिन्न पंचायत के पंचायत प्रधान (मुखिया) संग शुक्रवार को सामूहिक बैठक हुई । यहां नावाडीह के प्रभारी बीडिओ रौशन कुमार ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजना को लाभ पहुंचाने सहित पंचायत के समुचित विकास में पंचायत जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है । पंचायत प्रतिनिधि के सकारात्मक सहयोग से ही पंचायत में विकास का खाका तैयार किया जा सकता है । नावाडीह सीओ अंगारनाथ स्वर्णकार ने मुखिया को विश्वास दिलाते हुए कहा कि विकास कार्य को ले जमीन संबंधी कार्य का अविलंब निपटारा कर विकास को गति देने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा । साथ ही कहा कि किसी भी हाल में अंचल कार्यालय के वजह से विकास कार्य को प्रभावित होने नहीं दिया जाएगा । मुखिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार महतो ने कहा कि अधिकारी का सकारात्मक सहयोग मिलता रहा तो हर पंचायत को मॉडल पंचायत बनने से कोई रोक नहीं सकता है । संघ के बोकारो जिला महासचिव एवं प्रखंड अध्यक्ष रामपुकार प्रसाद ने कहा कि बीच बीच में इस तरह के सामूहिक बैठक होने से कर्मी एवं प्रतिनिधि एक दूसरे को सहज पहचान करने में सहूलियत होती है ।