गोमिया। गोमिया थाना अंतर्गत स्वांग हवाई अड्डा के किनारे घने जंगल में गुरुवार को किसी अज्ञात व्यक्ति का कंकाल रूपी शव पेड़ से लटकाता पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। जानकारी के अनुसार कुछ बच्चे मोर्निंग वॉक में पहुंचे थे, दातुन तोड़ने के लिए ज्यों ही जंगल की ओर गए सड़ा-गला शव पेड़ से टंगा पाया। जिसकी सूचना स्वांग दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह को दिया। मुखिया ने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों व गोमिया थाना प्रभारी राजेश रंजन को दी।
मौके पर पहुंची गोमिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। लाश को गले से रस्सी बांधकर पेड़ से लटकाया हुआ था, लेकिन मृतक के कंकाल रूपी पैर नीचे ज़मीन पर अटके हुए हैं। मृतक के शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे किसी ने उसकी हत्या कर यहां पेड़ से बांध दिया हो। बहरहाल उक्त व्यक्ति की मौत कैसे हुई यह पुलिस की जांच के बाद ही तय हो पाएगा।
थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि अज्ञात शव का पहचान नहीं हो सका है मामला हत्या या आत्महत्या से जुड़ा हो सकता है। सभी एंगल से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।