गोमिया। बेरमो अनुमंडल के गोमिया एवं आईईएल थाना क्षेत्र में वाहन चोरों के अज्ञात गिरोह ने पुलिस के नाक में दम कर रखा है। क्षेत्र में वाहन चोरी के नित्य नए ग्राफ बढ़ते ही जा रहे हैं। गोमिया थाना क्षेत्र में चोर चार पहिया वाहनों को निशाना बना रहे हैं तो वहीं आईईएल थाना क्षेत्र में चोर दो पहिया वाहनों (बाइकों) की चोरी की घटना को धड़ल्ले से अंजाम दे रहे हैं। इसीक्रम में बीती रात गोमिया थाना क्षेत्र के पुराना सिनेमाहॉल निवासी अजय कुमार स्वर्णकार की मारुति 800 (JH01AX 4036) को अज्ञात चोरों ने घर के बरामदे से चुरा लिया। भुक्तभोगी अजय ने बताया कि वे रांची में रहकर व्यवसाय करते हैं, 10 दिन पूर्व कार को गोमिया स्थित अपने आवास में खड़ी कर रांची चले गए थे। इसी बीच बीती रात को कार चोरी हो गई है। सुबह कार गायब हो जाने की सूचना उन्हें उनके पिता द्वारा फोन पर मिला। बताया कि उनकी उक्त चार पहिया वाहन मारुति 800 आवास में नहीं होने के बाद अपने स्तर से आसपास भी काफी खोजबीन की परंतु वाहन का कोई पता नहीं चला। अंततः भुक्तभोगीने गोमिया पहुंचकर गोमिया थाना को सूचना दिया है। जिसके बाद थाना प्रभारी आशीष खाखा के नेतृत्व में गोमिया थाने की पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
बता दें कि घटना से तीन माह पूर्व पूर्व भी थाना क्षेत्र के स्वांग से पीएचडी विभाग के अधीन कार्यरत ठेका कंपनी के एक प्रोजेक्ट इंजीनियर की बोलेरो JH10AQ 3636 की चोरी हुई थी। वहीं आईईएल थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 के बीते तीन माह (मार्च तक) तीन बाइकों की चोरियां हो चुकी है परंतु चोरों के विरुद्ध पुलिस की छिड़ी मुहिम में पुलिस के हाथ अब तक खाली है। जिससे कहीं न कहीं पता चलता की शातिर चोरों के गिरोह के आगे पुलिस प्रशासन भी बेबस है।