गोमिया। सीआरपीएफ 26 में बटालियन के कमांडेंट कमलेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन बी कंपनी के सहायक कमांडेंट शिबू मलिक व ई कंपनी के सहायक कमांडेंट मुन्ना लाल ने मंगलवार को अपने संबंधित क्षेत्रों में संचालित सरकारी गैर सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चियों की बीच अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया और स्कूली छात्राओं को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय झुमरा पहाड़ में छात्राओं को संबोधित करते हुए सहायक कमांडेंट शिबू मलिक ने कहा महिलाओं को सम्मान देने, अधिकार देने के लिए समाज के लोगों को जागरूक करने हेतु और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को पूरे विश्व मे मनाया जाता है। उन्होंने कहा महिलाओं के हौसले को बुलंद करने और समाज मे फैली असमानता को दूर करने के लिए इस दिन का काफी महत्व है, हमें महान महिलाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए और शपथ लेनी चाहिए कि हम अबला नहीं बल्कि सबला हैं।
इसीप्रकार ई कंपनी के सहायक कमांडेंट मुन्ना लाल ने कोनार डैम डीवीसी उच्च विद्यालय में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा की आज के समय में महिलाएं सहारा लेने वाली अबला नहीं बल्कि सशक्त सहारा देने वाली है। युवतियां भारतीय सेना, पायलट, सभी सरकारी गैर सरकारी दफ्तरों व हर क्षेत्र में हुनर को प्रदर्शित कर रही है। हम सबको मिलकर समाज मे फैली हुई कुरीतियों को दूर करके बालविवाह, भ्रूण हत्या तथा महिलाओं के ऊपर हो रहे सभी अत्याचारो को रोकना है। इस अवसर पर सभी को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में संजय कुमार दास, शंकर ठाकुर, सरिता करकेट्टा, हिरामन राम, बिंदेश्वरी रविदास, बिष्णु महतो आदि उपस्थित थे।