जंगली हाथियों के झुंड गोमिया के हुरलुंग पंचायत में जमकर मचाया उत्पात, कचिया मकानों को बनाया निशाना, फसलों को रौंदा, घर मे रखे खाद्यान्न को भी किया चट, खौफ में ग्रामीण
गोमिया। गोमिया प्रखंड के सुदूरवर्ती हुरलुंग पंचायत के बलिया और जरिया गांव में बीती रात 22 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। गांव वालों से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात अचानक हाथियों के झुंड ने अचानक गांव में हमला कर दिया और दर्जन से अधिक ग्रामीणों के खपरैल व कचिया मकानों को क्षतिग्रस्त कर फसलों को रौंद दिया। साथ ही मकान में रखा खाद्यान्न भी चट कर गया। बताया कि हाथियों के ख़ौफ़ से ग्रामीणों ने रातभर जागकर गुजारी। सूचनोपरांत बुधवार अहले सुबह वनरक्षियों की टीम हुरलुंग के बलिया व जरिया गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले से वन विभाग को अवगत कराते हुए हाथी को जंगल से सुरक्षित बाहर निकालने की बात कही। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीती रात 22 जंगली हाथियों का झुंड गांव पहुंचते ही हाथियों के चिघाड़ से पूरा गांव दहशत में हो गया। यहां हाथियों ने बलिया के जानकी सिंह के घर का कचिया दीवार गिरा दिया, यदु सिंह के मकई के फसल को खाया और रौंद दिया, अनिता कुमारी के घर में रखे चावल गेहूं को चट कर दिया, जरिया गांव के किटक महतो के मकई के फसल और मिट्टी के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इसी प्रकार बलिया गांव के ही झमन सिंह व चैता सिंह घर में रखे अनाज को भी छत कर दिया। पीड़ितों ने बताया हाथियों के झुंड ने घर तोड़फोड़ कर घर में रखे गेंहू, चावल, मक्का, महुआ सहित कपड़े, बक्सा, सहित रोजमर्रा की वस्तुओं आदि को भी चट कर गया। बताया कि 22 की संख्या में पहुंचे हाथियों ने कई घरों में तोड़ फोड़ मचाई है। वहीं फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया है। वन रक्षी विकास कुमार ने बताया कि वन रक्षियों की टीम 18 हाथियों के होने की पुष्टि की है। गांव वालों के अनुसार हाथियों की संख्या 22 बताई गई है। फिलहाल वनकर्मियों ने हजारीबाग के दारू व पलमो गांव की ओर खदेड़ दिया गया है।
बहरहाल हुरलुंग पंचायत के मुखिया पूरन महतो ने सभी भुक्तभोगियों को प्रखंड प्रशासन से सरकारी मुआवजा दिलाने की बात कही है।