गोमिया। झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन बुधवार को ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस पहुंचे। वे यहां पहुंचकर प्रशासनिक पदाधिकारियों व लुगु बुरू घंटाबाड़ी धोरोम गाढ़ के पूजा समिति के सदस्यों के साथ संथालियों के धार्मिक स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दोरबारी चट्टान व लुगू बुरू पूजा स्थल में संथाली परंपरागत तरीके से पूजा अर्चना किया।
मंत्री ने इस दौरान वर्ष 2021 में धार्मिक स्थल लुगु बुरू को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के लिए 10 करोड़ खर्च करने का घोषणा की। कहा कि संथालियों के सबसे बड़े धार्मिक स्थल को बहुत जल्द बिना प्रकृति व संस्कृति को नुकसान पहुंचाए पूर्ण विकास करने की योजना तैयार की जा रही है। कहा कि सात पहाड़ पार करने के बाद उपर स्थित लुगुबुरू गुफा मंदिर में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होगी। कहा कि विभिन्न राज्यों सहित देश विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं व पर्यटकों को दर्शन के लिए पहाड़ चढ़ने उतरने के दौरान होने वाली कठिनाई से निजात दिलाने के लिए दो अलग अलग सुगम रास्तों का निर्माण किया जाएगा। चढ़ाई के दौरान मिलने वाले अलग अलग पहाड़ी पर श्रद्धालुओं के आराम करने के लिए भवन (हॉल) का भी निर्माण किया जाएगा। वहीं दरबारी चट्टान परिसर में 50 लोगों के बैठने का बड़ा स्टेज और एक लाख लोगों के बैठने के लिए गैलरी का निर्माण किया जाएगा। बताया कि इसी प्रकार विकास के आधार पर पर्यटन विभाग से 10-10 करोड़ रुपए प्रति वर्ष खर्च करेगी। बताया कि इसके साथ ही साथ धोरोम गाढ़ के आस-पास के इलाकों में ही संथाल समाज के जीवन शैली से जुड़ी पुस्तकालय, अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़े
वर्ग के लिए आवासीय विद्यालय, पार्क, बाग-बगीचों आदि का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि धोरोम गाढ़ के चारो ओर रंगीन चाहरदीवारी का निर्माण होगा जिसमें चित्रों के माध्यम से संथाली संस्कृति का दर्शन होगा। पेयजल, शौचालय, वॉच टॉवर, सेड, मास्क लाइट, कैंपस के इंट्रेंस में बड़ा मैन गेट का निर्माण कराया जायेगा। मंत्री ने कहा पहाड़ चढ़ाई में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे का भी निर्माण होगा।
उनसे इस दौरान स्थानीय लोगों व राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनसे भेंट की। साथ ही अपने समस्याओं को रखा। इस पर उन्होंने कहा कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन दें। सरकार उनके समस्याओं पर विचार करेगी। दूसरी ओर उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सरकार पूरे झारखंड में निरंतर विकास कार्यों को सफलता पूर्वक काम कर रही है। मौके पर डीडीसी बोकारो जय किशोर प्रसाद, जिला कल्याण विभाग पदाधिकारी रविशंकर मिश्रा, टीवीएनएल के एमडी सह जीएम अनिल कुमार शर्मा, गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, गोमिया पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, गोमिया बीडीओ कपिल कुमार, गोमिया सीओ संदीप अनुराग टोपनो सहित पूजा समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष बहाराम मांझी, सचिव लोबिन मुर्मू, मिथिलेश किस्कू, मितोन सोरेन, जयराम हांसदा, सुखराम बेसरा आदि शामिल थे।