गोमिया। बेरमो अनुमंडल के चतरोचट्टी थाना अंतर्गत चतरोचट्टी में नहाने के क्रम में एक व्यक्ति की डूबने से दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चतरोचट्टी निवासी रामचरण ठाकुर (55) चतरोचट्टी स्थित पिपरा तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान वे तालाब घाट में डुबकी लगाने उतरे। डुबकी लगबे के क्रम में ही वे पानी मे डूब गए। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों लगातार हुए बारिश से तालाब में पानी भर गया है। जिस कारण वह नहाने के क्रम में खुद को संभाल नहीं सका और लबालब पानी से भरे तालाब में डूब गया।
चतरोचट्टी पुलिस व परिजनों को डूबने की सूचना दिया गया
रामचरण ठाकुर के नहाने के क्रम में तालाब में डूब जाने की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी पुलिस एवं उनके परिजनों को दी गई। घटना स्थल पर पहुंची रामचरण की पत्नी बिलासो देवी ने बताया कि उनके पति पेशे से नाई का काम करते हैं और रविवार को 11 बजे जजमानी करके घर लौटे थे। बताया कि घर लौटने के उपरांत घर से तालाब नहाने जाने की बात कहकर निकले थे। आधे घंटे बाद फोन पर सूचना मिली की उनके पति गहरे तालाब में डूब गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
इधर तत्काल सूचना पर सदलबल पहुंचे थाना प्रभारी विवेक तिवारी ने डूबे रामचरण की तलाश के लिए स्थानीय मछुआरों का सहारा लिया और खोजबीन शुरू की। थाना प्रभारी विवेक तिवारी ने बताया कि लगभग एक सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को बरामद कर लिया गया गया।चतरोचट्टी थाना प्रभारी विवेक तिवारी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है।
मृतक रामचरण ठाकुर की पत्नी ने बताया कि उनका एक बेटा और तीन बेटी है, एक लड़की का विवाह हो चुका है।
वहीं घटना के बाद तालाब एवं आसपास लोगों की भारी तादाद में भीड़ जमा हो गई थी। किसी ने तालाब के घाट निर्माण की बात कही तो किसी ने तालाब में डूबे बांस में फंसने से मौत की वजह बताया। वहीं किसी ने फिसलकर गहरे पानी मे चले जाने की बात की। बहरहाल जितनी मुंह उतनी बात से क्षेत्र में हुई मौत के चर्चाओं का बाजार गर्म है।